Raipur Heart Walkathon News: 26 सितंबर को होगा हार्ट वॉकेथान, हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का दिया जाएगा संदेश…NV News

Share this

NV News रायपुर। बदलती जीवनशैली, तनाव, अनियमित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के बीच हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 26 सितंबर 2026 को रायपुर में हार्ट वॉकेथान का आयोजन किया जाएगा। सुबह 6 बजे शहीद भगत सिंह चौक से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित पैदल चलने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

नियमित वॉक से हृदय स्वास्थ्य को मिल सकता है लाभ

चिकित्सक के अनुसार तेज गति से नियमित पैदल चलना ऐसी शारीरिक गतिविधि है, जिसे रोजमर्रा की दिनचर्या में आसानी से शामिल किया जा सकता है। वॉकिंग से रक्त संचार बेहतर रखने, वजन नियंत्रित करने और ब्लड प्रेशर व ब्लड शुगर को संतुलित रखने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही नियमित शारीरिक गतिविधि तनाव कम करने में भी सहायक हो सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए बीमारी होने के बाद उपचार कराने के बजाय शुरुआत से ही स्वस्थ आदतों को अपनाना जरूरी है। नियमित वॉकिंग के साथ संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन को भी जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

लंबे समय तक बैठे रहने से बचने की सलाह

वॉकिंग का लाभ नियमित रूप से करने पर अधिक प्रभावी हो सकता है। लंबे समय तक लगातार बैठे रहने की आदत को कम करना और दिनभर शारीरिक गतिविधि बढ़ाना भी स्वास्थ्य के लिए उपयोगी माना जाता है।

हालांकि, जिन लोगों को पहले से हृदय संबंधी बीमारी या अन्य स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें व्यायाम शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक की सलाह लेने की आवश्यकता हो सकती है।

‘Heart-first choice’ का दिया जाएगा संदेश

नारायणा हेल्थ के क्लस्टर हेड रवि भगत ने कहा कि हार्ट वॉकेथान को केवल वॉकिंग कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य और हृदय के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या में स्वास्थ्य के लिए समय निकालना और नियमित शारीरिक गतिविधि को अपनाना जरूरी है।

उन्होंने शहरवासियों से जागरूकता अभियान में शामिल होने और ‘Make every choice, a heart-first choice’ के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की।

Share this