Raipur Fraud News: मुख्यमंत्री का OSD बनकर प्रोफेसर को धमकी, फोन पर ठगी की कोशिश, FIR दर्ज

Share this

रायपुर। राजधानी रायपुर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री का ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) बनकर एक प्रोफेसर को फोन पर धमकी दी गई। आरोपी ने खुद को मुख्यमंत्री का ओएसडी बताते हुए पीड़ित को पारिवारिक विवाद को लेकर डराने-धमकाने की कोशिश की। मामले में सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित का नाम चिंतामणी पंडा (40) है, जो रायपुर के शिवानंद नगर में निवासरत हैं और आंजनेय यूनिवर्सिटी में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। 15 दिसंबर को चिंतामणी पंडा के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को मुख्यमंत्री का ओएसडी रवि मिश्रा बताते हुए धमकी दी।

फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि यदि पत्नी से चल रहा पारिवारिक विवाद समाप्त नहीं किया गया, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोपी ने यह भी धमकी दी कि पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन को बड़े अधिकारियों और कॉलेज प्रबंधन तक भेज दिया जाएगा।

शक होने पर पीड़ित ने जब अपने स्तर पर जानकारी जुटाई, तो पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री का ओएसडी नहीं है, बल्कि कोई अज्ञात व्यक्ति है जो फर्जी पहचान का उपयोग कर ठगी और धमकी देने की कोशिश कर रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने सिविल लाइन्स थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए कॉल लॉग और ट्रूकॉलर के स्क्रीनशॉट को डिजिटल साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य साइबर साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share this

You may have missed