रायपुर: 9.95 लाख का टैक्स बकाया होने पर अविनाश आशियाना का नल कटा, केपीएस और पार्थिवी जैसे बड़े संस्थानों को सीलबंदी की चेतावनी…NV News

Share this

रायपुर | नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार राजस्व वसूली अभियान को तेज कर दिया गया है। जोन 8 के अंतर्गत आने वाले कबीर नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने अविनाश आशियाना (750 फ्लैट अपार्टमेंट) का नल कनेक्शन विच्छेद (डिस्कनेक्ट) कर दिया है। इस अपार्टमेंट पर 9,95,006 रुपये का संपत्तिकर (Property Tax) बकाया था, जिसे अंतिम नोटिस के बाद भी जमा नहीं किया गया था।

प्रमुख संस्थानों को अल्टीमेटम

जोन 8 की राजस्व टीम ने आज क्षेत्र के कई अन्य बड़े बकायेदारों के परिसरों में दबिश दी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

पार्थिवी प्राविन्स (सरोना)

कृष्णा पब्लिक स्कूल (KPS)

शिवम स्कूल

सहायक राजस्व अधिकारी श्री महादेव रक्सेल और सहायक राजस्व निरीक्षक श्री नरेन्द्र ठाकुर की उपस्थिति में इन संस्थानों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपने बकाया टैक्स का भुगतान करें। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि टैक्स अदा नहीं किया गया, तो नियमों के तहत इन संस्थानों की सीलबंदी (Sealing) की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक सख्ती

अपर आयुक्त राजस्व श्रीमती कृष्णा खटीक और उपायुक्त श्रीमती जागृति साहू की मॉनिटरिंग में जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल ने जोन की राजस्व टीम को शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश दिए हैं। निगम का कहना है कि बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बड़े बकायेदार कर जमा करने में लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे विकास कार्यों पर असर पड़ता है। अब बिना किसी रियायत के कुर्की और सीलबंदी जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed