Raipur Breaking: अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, 4 क्रेशर सील—संचालकों को नोटिस, मचा हड़कंप…NV News

Share this

NV News – Raipur: राजधानी रायपुर में अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार क्रेशर यूनिट्स को सील कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर धरसीवा विधानसभा क्षेत्र के खरोरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम धनसुली और मुरा में की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

खनिज विभाग की टीम ने सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में अचानक छापा मारकर चूना पत्थर खदानों और क्रेशर इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें बिना अनुमति खनन, तय सीमा से अधिक भंडारण और पर्यावरण नियमों का उल्लंघन शामिल है।

कार्रवाई के दौरान जिन इकाइयों की जांच की गई, उनमें धनसुली स्थित कई निजी खदान और क्रेशर प्लांट शामिल थे। अधिकारियों ने पाया कि संचालक नियमों को दरकिनार कर लंबे समय से अवैध रूप से खनन और भंडारण कर रहे थे। इसके बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से 4 क्रेशर को सील कर दिया और संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

गौरतलब है कि खनिज विभाग लगातार अवैध खनन पर सख्ती दिखा रहा है। इससे पहले भी मंदिरहसौद और आरंग क्षेत्र में इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। �

Share this

You may have missed