रायपुर: रिंग रोड स्थित रेस्टोरेंट और बार पर 6000 का जुर्माना, नाली जाम करने और गंदगी फैलाने पर नगर निगम का कड़ा एक्शन…NV News
Share this
रायपुर: राजधानी रायपुर को स्वच्छ बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आज नगर निगम जोन क्रमांक 10 की स्वास्थ्य टीम ने रिंग रोड स्थित एक रेस्टोरेंट और बार पर स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने पर 6,000 रुपये का ई-जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई नाली जाम करने और परिसर में भारी गंदगी पाए जाने के कारण की गई है।
नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेशानुसार और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही व जोन कमिश्नर श्री विवेकानंद दुबे के निर्देश पर यह औचक निरीक्षण किया गया। दरअसल, निगम को जनशिकायत मिली थी कि रिंग रोड स्थित उक्त रेस्टोरेंट और बार के संचालक द्वारा कचरा नाली में फेंका जा रहा है, जिससे नाली पूरी तरह जाम हो गई है और क्षेत्र में गंदगी फैल रही है।
मौके पर सही मिली शिकायत
जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अमित बेहरा और वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल झा के नेतृत्व में जब टीम निरीक्षण करने पहुँची, तो शिकायत पूरी तरह सही पाई गई। रेस्टोरेंट के पिछले हिस्से और नाली के पास भारी अव्यवस्था और गंदगी का अंबार मिला। जनशिकायत का त्वरित निराकरण करते हुए निगम की टीम ने संचालक पर तत्काल 6,000 रुपये का ई-जुर्माना ठोंका।
नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि व्यवसायिक प्रतिष्ठान अपनी गंदगी का निपटान स्वयं करें और नालियों को अवरुद्ध न करें। यदि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति पाई गई, तो संबंधित संस्थान को सील करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।
