Railway Fare Hike: 26 दिसंबर से बढ़ेगा रेल किराया, 215 किमी तक सफर करने वालों को राहत

Share this

दिल्ली। भारतीय रेलवे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। रेलवे मंत्रालय ने 26 दिसंबर 2025 से रेल किराए में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी चुनिंदा श्रेणियों और लंबी दूरी की यात्राओं पर लागू होगी, जबकि रोजमर्रा के यात्रियों को राहत दी गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ऑर्डिनरी क्लास में 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले यात्रियों पर किसी भी तरह की किराया वृद्धि लागू नहीं होगी। यानी छोटी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।

हालांकि, 215 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर ऑर्डिनरी क्लास में प्रति किलोमीटर 1 पैसा अतिरिक्त किराया देना होगा। वहीं, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी और एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लिए प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।

रेलवे मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि किराया वृद्धि बेहद सीमित रखी गई है ताकि आम यात्रियों पर न्यूनतम असर पड़े। उदाहरण के तौर पर, 500 किलोमीटर की यात्रा करने वाले नॉन-एसी यात्री को लगभग 10 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।

रेलवे का कहना है कि इस फैसले से करीब 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। इस राशि का उपयोग रेलवे की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, यात्रियों की सुरक्षा, ट्रेनों के रखरखाव और सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।

Share this

You may have missed