PWD Suspension: राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में लापरवाही, गुणवत्ताहीन कार्य पर उप अभियंता निलंबित
Share this
रायपुर।(PWD Suspension) लोक निर्माण विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और गुणवत्ताहीन कार्य पाए जाने के बाद बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने उप अभियंता नवीन सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 के अंबिकापुर शहरी क्षेत्र में किए गए बीटी पैच रिपेयर कार्य में अनियमितताओं के चलते की गई।
जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को संबंधित निर्माण कार्य का एक वीडियो क्लिप सामने आया था, जिसमें कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे। वीडियो के आधार पर अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल बिलासपुर ने 22 दिसंबर 2025 को अपनी जांच रिपोर्ट और फोटोग्राफ्स मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र रायपुर को भेजे।
रिपोर्ट की समीक्षा के बाद मुख्य अभियंता ने उप अभियंता नवीन सिन्हा द्वारा किए गए गुणवत्ताहीन कार्य को प्रथम दृष्टया दोषपूर्ण मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजा। इसके बाद अनुबंध क्रमांक 04/डी.एल./2025-26 के तहत 12 नवंबर 2025 को जारी कार्यादेश के अंतर्गत किए गए बीटी पैच रिपेयर कार्य में लापरवाही सिद्ध होने पर निलंबन आदेश जारी किया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उप अभियंता नवीन सिन्हा का मुख्यालय अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल बिलासपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग की इस कार्रवाई को विभागीय स्तर पर गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

