होटल के स्पा सेंटर में देह व्यापार का भंडाफोड़, 3 महिलाएं मिलीं; होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार…NV News
Share this
Raipur: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामी होटल के स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया है। नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस छापेमारी को अंजाम दिया। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि होटल के भीतर स्थित स्पा एंड सैलून में मसाज की आड़ में अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की पुष्टि के लिए एक पॉइंटर (फर्जी ग्राहक) बनाकर स्पा सेंटर भेजा। जैसे ही सौदा तय हुआ, टीम ने होटल पर धावा बोल दिया। छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं संदिग्ध अवस्था में पाई गईं। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की गई तलाशी में कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पकड़ी गई महिलाएं अन्य क्षेत्रों से यहां लाई गई थीं।
पूछताछ के दौरान स्पा सेंटर के संचालक बरगट और होटल के प्रबंधक (मैनेजर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। संचालक ने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने और ग्राहकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से वह देह व्यापार का संचालन कर रहा था। पुलिस ने होटल के रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड्स को जब्त कर लिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गोरखधंधा कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के अन्य होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में अन्य संदिग्ध स्पा सेंटरों की भी जांच की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
