सरगुजा में राष्ट्रपति का आगमन: गांधी स्टेडियम बंद, तीन नए हेलीपैड तैयार—जनजातीय गौरव दिवस की तैयारी तेज

Share this

अंबिकापुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सरगुजा आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा कारणों से शहर के गांधी स्टेडियम को आम नागरिकों के लिए 14 नवंबर से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। आने वाले दिनों में इसी स्टेडियम में राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतरेगा। प्रशासन ने यहां एक साथ तीन नए हेलीपैड का निर्माण कराया है, जिस कारण स्टेडियम के हाई मास्क लाइट भी अस्थायी रूप से हटाए गए हैं।

सरगुजा में 20 नवंबर को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

मुख्य कार्यक्रम पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित होगा, जहां एक विशाल डोम का निर्माण किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष हेलीकॉप्टर से अंबिकापुर पहुंचेंगी और गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना होंगी। वे लगभग एक घंटे तक सरगुजा में अपना समय बिताएंगी।

स्टेडियम बंद होने से अब 20 नवंबर तक नागरिक यहां खेल, व्यायाम या टहलने नहीं आ सकेंगे। ननि आयुक्त डीएन कश्यप ने बताया कि कार्यक्रम के बाद स्टेडियम की स्थिति को पहले जैसा बहाल कर दिया जाएगा और हाई मास्क लाइट को भी पुनः स्थापित किया जाएगा। इसके बाद आम नागरिकों के लिए स्टेडियम को फिर से खोल दिया जाएगा।

Share this

You may have missed