Mata Hasi Devi 200th Jayanti: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर में जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक क्षण…NN News

Share this

NV News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मण्डपम में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया। इस ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सिंधी समाज और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय

पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की 5वीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के पावन अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह स्मारक सिक्का जारी किया गया है। सिंधी विभूति के सम्मान में राष्ट्रीय स्तर पर स्मारक सिक्का जारी होना देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी अनुयायियों के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण है। विमोचन के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक (कलेक्टर्स) इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।

सिक्के की विशेषता और महान संत का योगदान

भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित की गई है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस स्मारक सिक्के के माध्यम से उनके महान जीवन, आध्यात्मिक योगदान और मानव सेवा के संदेश को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का अनूठा प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed