शिक्षा विभाग में अटैचमेंट का खेल खत्म करने की तैयारी, मंत्री की नाराजगी के बाद बीईओ पर गिरेगी गाज

Share this

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की सख्ती का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे अटैचमेंट के खेल पर अब पूर्ण विराम लगाने की तैयारी शासन स्तर पर शुरू हो गई है। बिलासपुर शिक्षा संभाग मुख्यालय से इसकी शुरुआत होने जा रही है।

 

कोटा बीईओ द्वारा किए गए अटैचमेंट को लेकर मंत्री से सीधे सवाल पूछे जाने के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि मीटिंग के बीच ही बीईओ बेहोश होकर गिर पड़े थे। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया था। चर्चा है कि यदि बीईओ बेहोश नहीं होते तो कई अधिकारियों पर उसी समय कार्रवाई हो सकती थी।

 

मंत्री की नाराजगी के बाद अब कोटा ब्लॉक के साथ-साथ बिल्हा, मस्तूरी और अन्य ब्लॉकों में किए गए नियम विरुद्ध अटैचमेंट की जांच शुरू हो गई है। सबसे पहले कार्रवाई की जद में बिल्हा बीईओ आते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल शिक्षा मंत्री ने सबसे पहले बिल्हा बीईओ से ही अटैचमेंट को लेकर जवाब-तलब किया था।

सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार के निर्देशों के बावजूद नियमों को दरकिनार कर किए गए अटैचमेंट को रद्द किया जाएगा। बिलासपुर जिले के चारों ब्लॉकों में बड़े पैमाने पर अटैचमेंट किए जाने की जानकारी मंत्री के संज्ञान में है, जिसके चलते सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

 

शोकॉज नोटिस की तैयारी

जिला शिक्षाधिकारी विज तांडे ने बताया कि मंत्री की नाराजगी के बाद बिल्हा बीईओ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बीईओ द्वारा जारी एक दर्जन से अधिक अटैचमेंट आदेशों को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

 

कोरबा में भी सामने आया अटैचमेंट का खेल

कोरबा जिले में भी अटैचमेंट को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक को पहले निलंबित किया गया, फिर बहाली के बाद स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर मनचाहे स्कूल में पदस्थापना दे दी गई। युक्तियुक्तकरण के दौरान जिन स्कूलों में पदस्थापना हुई थी, वहां भेजने के बाद पास के स्कूलों में अटैच कर दिया गया।

सूत्रों का कहना है कि बिलासपुर के बाद कोरबा और फिर प्रदेश के अन्य जिलों में भी अटैचमेंट के इस खेल को पूरी तरह खत्म करने की तैयारी शासन स्तर पर चल रही है।

Share this

You may have missed