Politics news: जनादेश परब में जेपी नड्डा का बड़ा संदेश: “जो कहा था, वह किया – और जो नहीं कहा था, वह भी पूरा किया”

Share this

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जांजगीर-चांपा जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में भव्य जनादेश परब का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वंदे मातरम और राज्यगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें जनविश्वास, सुशासन और विकास के संकल्प को दोहराया गया।

 

युवाओं, महिलाओं और किसानों पर केंद्रित फैसले

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंच से सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए कहा, “जो कहा था, वह किया – और जो नहीं कहा था, वह भी करके दिखाया।”

उन्होंने बताया कि सरकार गठन के पहले महीने में ही किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया और बीते दो वर्षों में 1.25 लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण किया गया।

भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता देकर उनकी सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया गया।

 

रेलवे, स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं में ऐतिहासिक प्रगति

जेपी नड्डा ने कहा कि छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 22 गुना बढ़ा है और 32 अमृत स्टेशन वर्ल्ड-क्लास मानकों पर विकसित किए जा रहे हैं।

युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, 32 हजार पदों पर भर्ती, लोक सेवा आयोग में पारदर्शिता, नालंदा लाइब्रेरी, आईटीआई का आधुनिकीकरण भविष्य-निर्माण की मजबूत नींव है।

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना, महतारी सदन, पीएम जनमन योजना के तहत 70 लाख परिवारों को लाभ, और धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना को उन्होंने सरकार की संवेदनशील सोच का प्रमाण बताया।

 

नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ की ओर निर्णायक कदम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनता के भरोसे पर खरी उतरने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा, पुनर्वास और विकास की संयुक्त रणनीति से नक्सलवाद की कमर तोड़ी जा रही है और नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में ठोस प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री ने विजन डॉक्यूमेंट 2047 को प्रदेश के भविष्य का रोडमैप बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाया जाएगा।

 

मोदी की गारंटियां ज़मीन पर उतरीं

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।

वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार बनने के बाद अब तक 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं।

 

सुशासन और लोकतंत्र को मिली मजबूती

वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को नई ऊंचाई दी है।

विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।

 

‘सेवा के 2 साल’ पुस्तक और रिपोर्ट-कार्ड का विमोचन

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने “सेवा के 2 साल” पुस्तक और सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों के रिपोर्ट-कार्ड का विमोचन किया।

अतिथियों का पारंपरिक रूप से कोसा और कांसा भेंट कर स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के सकारात्मक प्रभावों की जानकारी ली।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को घर की चाबियां भी सौंपी गईं।

Share this

You may have missed