नक्सलियों के ‘गड़े खजाने’ पर स्ट्राइक: 65 लाख रुपये नकद और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद…NV News

Share this

NV News- बीजापुर नक्सल ऑपरेशन: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की कमर तोड़ते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिले के घने जंगलों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जमीन में दबाकर छिपाए गए ‘खजाने’ पर स्ट्राइक की। पिछले दो हफ्तों की कार्रवाई में पुलिस ने 65 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। अधिकारियों का मानना है कि यह रकम नक्सलियों ने लेवी वसूली और अवैध गतिविधियों के जरिए इकट्ठा की थी, जिसे भविष्य के ऑपरेशन्स के लिए सुरक्षित रखा गया था।

नकदी के साथ-साथ भारी मात्रा में खतरनाक हथियारों का जखीरा, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 31 मार्च को छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के बाद से बस्तर क्षेत्र में ‘क्लीन-अप’ ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बल अब उन गुप्त ठिकानों और डंप्स को निशाना बना रहे हैं, जहाँ नक्सलियों ने भागते समय अपने संसाधन और हथियार छिपाए थे। इस बरामदगी को नक्सलियों की लॉजिस्टिक क्षमता पर एक बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है।

आईजी बस्तर और बीजापुर एसपी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान ने नक्सलियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। बरामद हथियारों में अत्याधुनिक राइफलें और आईईडी (IED) बनाने का सामान शामिल है, जिससे किसी बड़ी साजिश को अंजाम दिया जा सकता था। पुलिस का दावा है कि माओवादी अब पूरी तरह बैकफुट पर हैं और उनके पास न तो सुरक्षित ठिकाने बचे हैं और न ही वित्तीय संसाधन। आने वाले दिनों में जंगलों के भीतर छिपे अन्य ‘डंप’ को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन और तेज किया जाएगा।

Share this

You may have missed