Poaching Crackdown – टाइगर रिजर्व में अवैध घुसपैठ पर बड़ी कार्रवाई, ओडिशा के 2 शिकारी गिरफ्तार…NV News

Share this

NV News – गरियाबंद। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी-पोचिंग टीम ने सीमावर्ती राज्य ओडिशा से आए दो शिकारियों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से टाइगर रिजर्व में घुसपैठ कर शिकार की फिराक में थे। मुख्य वन संरक्षक गुरूनाथन एन. और उप संचालक वरुण जैन के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से शिकारी गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से शिकार में इस्तेमाल होने वाले घातक हथियार भी बरामद किए गए हैं, जो वन्यजीवों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते थे।

खुफिया सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने ओडिशा के सीमावर्ती ग्राम गंटियापाड़ा में दबिश दी। यहां जयराम पाहारिया और बरनसिंग पाहारिया के ठिकानों की तलाशी लेने पर 2 धनुष और 5 तीर सहित अन्य अवैध शिकार उपकरण जब्त किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में प्रवेश करते थे। विभाग ने इनके खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ये आरोपी केवल अकेले काम नहीं कर रहे थे, बल्कि इनके साथ एक पूरा गिरोह सक्रिय है। पकड़े गए शिकारियों ने पूछताछ के दौरान अपने अन्य साथियों के नाम भी उगले हैं, जो पूर्व में हुए कई शिकार के मामलों में संलिप्त रहे हैं। अब वन विभाग की एंटी-पोचिंग टीम और स्नाइफर डॉग स्क्वॉड की मदद से ओडिशा के अंदरूनी इलाकों तक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नवनियुक्त रेंजर दिनेश चौधरी के नेतृत्व में टीम अब उन ठिकानों पर नजर रख रही है जहां शिकारियों के छिपने की आशंका है।

गरियाबंद जिले से लगे इस टाइगर रिजर्व की भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर अक्सर सीमा पार से शिकारी घुसपैठ की कोशिश करते हैं। इसे रोकने के लिए वन विभाग ने अब अपना मुखबिर तंत्र और भी मजबूत कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग द्वारा सीमावर्ती ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है ताकि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अधिकारियों को दे सकें।

वन्यजीव प्रेमियों ने विभाग की इस मुस्तैदी की सराहना की है। टाइगर रिजर्व के संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति के पाया गया या शिकार की कोशिश करते पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। यह गिरफ्तारी इलाके में सक्रिय पोचिंग नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share this