धान खरीदी सीज़न में सक्रिय हुआ उठा–ई गिरोह और साइबर ठग: SP ने किसानों को किया अलर्ट
Share this
जांजगीर–चांपा। जिले में धान खरीदी का मौसम शुरू होते ही किसानों के खातों में वर्षभर की मेहनत की कमाई पहुंचने लगी है। इसी अवधि में उठा–ई गिरोह और साइबर ठग भी तेजी से सक्रिय हो जाते हैं। किसानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सभी थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और किसानों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
एसपी पाण्डेय ने बताया कि धान खरीदी के दिनों में ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कापू, कंडराजा, पत्थलगांव सहित अन्य क्षेत्रों से उठाईगिरी करने वाले गिरोह जिले में पहुंच जाते हैं। ये बैंक में फॉर्म भरवाने के दौरान ध्यान भटकाकर रकम ले जाना, मोटरसाइकिल की सीट पर गंदगी डालकर बैग चोरी करना, वाहन की डिक्की खोलकर पैसे उड़ाना जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं।
उन्होंने किसानों से कहा कि बैंक में लेन–देन के दौरान हमेशा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें। पैसा निकालने के बाद रास्ते में अनावश्यक रुकने से बचें और सीधे घर जाएं। किसी भी अजनबी से बातचीत करने या सहायता लेने से पहले सतर्क रहें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति पीछा करता दिखे या रास्ता रोकने की कोशिश करे तो तत्काल 112 पर संपर्क करें।
साइबर अपराधों को लेकर भी पुलिस ने किसानों को अलर्ट किया है। ऑनलाइन ठग ओटीपी मांगकर, पैन कार्ड अपडेट का झांसा देकर, बैंक खाते की समस्या बताकर या परिचित की आवाज में वॉइस क्लोनिंग के जरिए ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, कार्ड नंबर, सीवीवी या अकाउंट की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। किसी भी संदिग्ध कॉल की पुष्टि स्वयं बैंक जाकर करने की सलाह दी गई है।
एसपी ने किसानों के लिए संदेश जारी किया —
“किसान भाइयों, आपकी कमाई बहुत कीमती है। आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।”
जिले की पुलिस ने किसानों से सुरक्षा जागरूकता अपनाने, सावधानी बरतने और किसी भी जोखिमपूर्ण परिस्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने की अपील की है।
