Paddy Procurement Scam: धान खरीदी में बड़ा घोटाला उजागर, अवैध परिवहन पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर

Share this

महासमुंद। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में हो रही अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अवैध धान परिवहन और हेराफेरी के मामलों में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई है।

20 दिसंबर को सरायपाली विकासखंड अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल में धान परिवहन से जुड़ी गंभीर अनियमितता सामने आई। सूचना मिलने पर खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे एवं तहसीलदार श्रीधर पंडा मौके पर पहुंचे और प्रभारी बुद्धिवंत प्रधान से डीओ, डीएम, राइस मिलर गेट पास एवं तौल पत्रक प्रस्तुत करने को कहा गया।

जांच में पाया गया कि श्री भोलेनाथ इंडस्ट्रीज छुईपाली के नाम 350 क्विंटल का डीओ एवं 875 बोरा धान का डीएम जारी किया गया था, जबकि ट्रक क्रमांक CG 06 HB 4361 में मात्र 500 बोरा धान ही लोड किया गया था। यह स्पष्ट रूप से शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास माना गया।

संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में बुद्धिवंत प्रधान, हेमंत साहू, गिरिजाशंकर भोई तथा भोलेनाथ इंडस्ट्रीज के संचालक आशीष अग्रवाल की संलिप्तता पाई गई है। जांच में दस्तावेजों, रजिस्टरों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह प्रमाणित हुआ कि जानबूझकर तय मात्रा से कम धान का परिवहन किया गया।

राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम ने 500 बोरा संदिग्ध धान ट्रक सहित जब्त कर थाना सिंघोड़ा में सुपुर्द किया। इसके साथ ही सिंगबहाल समिति में प्रारंभिक जांच के बाद पंचनामा तैयार कर सभी संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this

You may have missed