Paddy Procurement News: धान खरीदी में बड़ी लापरवाही: 3 समिति प्रबंधक निलंबित, 2 से छीना गया वित्तीय प्रभार
Share this
रायगढ़। रायगढ़ जिले में धान खरीदी केंद्रों में सामने आई गंभीर लापरवाही के मामलों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने धान खरीदी में अनियमितता पाए जाने पर 3 समिति प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 2 अन्य समिति प्रबंधकों से वित्तीय प्रभार छीन लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के धान खरीदी केंद्रों में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, मनमानी या गड़बड़ी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों से लगातार किसानों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के बाद सहकारिता विभाग द्वारा खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में यह पाया गया कि कई समितियों में शासन द्वारा निर्धारित ढाला पद्धति से धान की गुणवत्ता जांच नहीं की जा रही थी।
कई स्थानों पर किसानों द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता जांचे बिना ही उसे सीधे सरकारी बोरों में भरकर तौल किया जा रहा था। इसके अलावा धान खरीदी प्रक्रिया में मनमानी, लापरवाही और नियमों की अनदेखी के मामले भी सामने आए।
नोटिस का जवाब नहीं देने पर कार्रवाई
धान खरीदी केंद्र छाल के सहायक समिति प्रबंधक ठंडाराम बेहरा और कोड़ासिया केंद्र के समिति प्रबंधक व फड़ प्रभारी प्रहलाद बेहरा पर धान खरीदी में लापरवाही के आरोप लगे थे। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन ने दोनों को निलंबित कर दिया।
वहीं खड़गांव धान उपार्जन केंद्र में नोडल अधिकारी के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी की शिकायत मिली थी, जो जांच में सही पाई गई। इसके अलावा सहायक समिति प्रबंधक कृपाराम राठिया पर भी धान खरीदी में लापरवाही के आरोप सिद्ध होने पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
2 प्रबंधकों से छीना गया वित्तीय प्रभार
जमरगीडी सेवा सहकारी समिति के सहायक समिति प्रबंधक एवं धान खरीदी प्रभारी दीनबंधु पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनका वित्तीय प्रभार समाप्त कर दिया गया।
इसी तरह आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कापू के सहायक समिति प्रबंधक श्यामनारायण दुबे द्वारा शासन के निर्देशों की अनदेखी करने पर उनका भी वित्तीय प्रभार तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
