Paddy Procurement: धान खरीदी में बड़ी राहत: प्रशासन ने बढ़ाई दैनिक खरीदी सीमा, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

Share this

सुकमा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अपने संकल्प के अनुरूप राज्य के किसानों को धान का सर्वाधिक समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि, धान खरीदी की प्रतिदिन निर्धारित लिमिट कम होने के कारण किसानों को उपज बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

 

किसानों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। मिली जानकारी के अनुसार सुकमा जिला प्रशासन ने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों की दैनिक खरीदी सीमा में उल्लेखनीय वृद्धि करने के निर्देश जारी किए हैं।

 

पूर्व में जिले में प्रतिदिन 15,102 क्विंटल धान खरीदी की सीमा निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 51,800 क्विंटल प्रतिदिन कर दिया गया है। प्रशासन के इस फैसले से बड़ी संख्या में किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है और धान बेचने में आ रही अधिकांश समस्याओं का समाधान होगा।

 

गौरतलब है कि सरकार ने किसानों के हित में पहले ही टोकन व्यवस्था को समाप्त कर दिया है, जिससे खरीदी प्रक्रिया और अधिक सरल व सुगम हो गई है। अब लिमिट बढ़ने के बाद किसानों को बिना किसी बाधा के अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा।

 

Share this

You may have missed