रायपुर में ‘ऑपरेशन क्लीन’ : स्कूलों के पास बिक रहे नशे पर नगर निगम का हथौड़ा, भारी मात्रा में गुटखा-सिगरेट जब्त…NV News

Share this

रायपुर: राजधानी रायपुर में स्कूली बच्चों को नशे की लत से बचाने के लिए प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के कड़े निर्देशों पर नगर निगम के ‘नगर निवेश विभाग’ के उड़न दस्ते ने आज जोन क्रमांक 1 के अंतर्गत आने वाले आधा दर्जन से अधिक स्कूलों के आसपास संचालित पान ठेलों पर औचक छापेमारी की।

इस कार्रवाई के दौरान खमतराई, भनपुरी, जनता कॉलोनी और गोगांव जैसे क्षेत्रों में संचालित पान दुकानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा, तंबाकू, सिगरेट और पान मसाला के पैकेट जब्त किए गए हैं।

इन प्रमुख स्कूलों के पास हुई कार्रवाई:

प्रशासनिक टीम ने विशेष रूप से निम्नलिखित शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में चल रही दुकानों को निशाना बनाया:

स्वामी आत्मानंद स्कूल, गोगांव

शंकराचार्य स्कूल, जनता कॉलोनी

पण्डित काशीराम शर्मा स्कूल, भनपुरी

शासकीय स्कूल, खमतराई एवं गोगांव

कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत कड़ी चेतावनी

नगर निगम जोन 1 के कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में कोटपा एक्ट (COTPA Act) के प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया गया। कार्यपालन अभियंता श्री द्रोनी कुमार पैकरा और सहायक अभियंता श्री शरद देशमुख की उपस्थिति में दुकान संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में दोबारा स्कूलों के पास नशीली वस्तुएं बेचते पाए गए, तो न केवल दुकान सील की जाएगी, बल्कि उनके विरुद्ध एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई जाएगी।

नगर निवेश विभाग के उड़न दस्ते ने मौके पर ही जप्तीनामा तैयार कर सामान को राजसात कर लिया है। प्रशासन के इस सख्त रुख से क्षेत्र के पान ठेला संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

Share this

You may have missed