अंधविश्वास की आड़ में एक माह के मासूम का अपहरण: झाड़-फूंक के बहाने बच्चा लेकर भागी महिला बगीचा से गिरफ्तार…NV News
Share this
NV News जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास और झाड़-फूंक की आड़ में एक महीने के मासूम बच्चे के अपहरण का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जशपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को गायब करने वाली आरोपी महिला को बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपहृत नवजात शिशु को पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया है और कानूनी औपचारिकताओं के बाद बच्चे को रोते-बिलखते परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस की इस त्वरित सफलता से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।
मामले का विस्तृत खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राकेश पाटनवार ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मरंगीपाठ की रहने वाली एक विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह की पहाड़ी कोरवा महिला अपने बीमार 1 महीने के बच्चे का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल जशपुर आई थी। अस्पताल परिसर में इलाज के दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात शातिर महिला से हुई। आरोपी महिला ने मां की लाचारी और अज्ञानता का फायदा उठाने के लिए बच्चे को झाड़-फूंक के जरिए पूरी तरह ठीक करने का झांसा दिया।
बीमार बच्चे की भलाई की आस में मां आरोपी महिला की बातों में आ गई। मौका पाकर शातिर महिला नवजात बच्चे को लेकर वहां से रफूचक्कर हो गई। बच्चे के गायब होने से बदहवास परिजनों ने तुरंत इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी राकेश पाटनवार के नेतृत्व में पुलिस ने फौरन हुलिए के आधार पर घेराबंदी की और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी महिला को बगीचा से धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि इस अपहरण के पीछे किसी बड़े रैकेट का हाथ तो नहीं है।

