निरीक्षण में गायब मिले 6 शिक्षकों की एक दिन की वेतन कटौती, JD एजुकेशन ने जारी किया आदेश
Share this
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शिक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार संयुक्त संचालक शिक्षा (JD एजुकेशन) बस्तर, एच.आर. सोम ने कोंडागांव जिले स्थित पीएमश्री सेजेस माकड़ी विद्यालय के आकस्मिक निरीक्षण में 6 शिक्षकों को कर्तव्य से अनुपस्थित पाया।
इस पर उन्होंने सभी 6 शिक्षकों के एक दिन की वेतन कटौती का आदेश जारी किया है। साथ ही बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर संबंधित शिक्षकों को शो-काज नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जेडी एजुकेशन सोम ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय माकड़ी में प्रार्थना सभा में शामिल होकर विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति और अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को एक–एक पीरियड पढ़ाया और बोर्ड परीक्षा 2025 की समय-सारणी की जानकारी देते हुए उत्तर लेखन शैली, तनावमुक्त रहने के तरीके और अधिक अंक लाने की रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय में दर्ज 590 में से 493 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए, जबकि मिडिल स्कूल में 53 में से 46 विद्यार्थी उपस्थित थे। जेडी सोम ने प्राचार्य और शिक्षकों को विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
इसके साथ ही माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों को न्योता भोज से लाभान्वित करने हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पंचायत के सहयोग से नियमित आयोजन करने पर जोर दिया गया।
