वीर बाल दिवस पर छत्तीसगढ़ की योगिता मंडावी को मिला प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित

Share this

रायपुर। वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित 20 प्रतिभाशाली बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मानित होने वाले बच्चों में छत्तीसगढ़ की योगिता मंडावी, झारखंड की फुटबॉलर अनुष्का, युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी सहित देश के कई होनहार बाल प्रतिभाएं शामिल रहीं।

 

कोंडागांव की योगिता मंडावी बनी प्रेरणा

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र कोंडागांव की रहने वाली 14 वर्षीय योगिता मंडावी को खेल श्रेणी में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। योगिता को यह सम्मान जूडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतने के लिए मिला।

योगिता की जीवन यात्रा बेहद संघर्षपूर्ण रही है। उन्होंने बचपन में ही अपने माता-पिता को खो दिया था, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खेल के दम पर देश में अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में योगिता छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह, कोंडागांव में रहकर अपनी खेल साधना जारी रखे हुए हैं।

 

पीएम मोदी ने किया बच्चों का उत्साहवर्धन

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने सभी बाल पुरस्कार विजेताओं से मुलाकात की और उनके साहस, मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार बच्चों को साहस, खेल, कला-संस्कृति, नवाचार और समाजसेवा के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

Share this

You may have missed