दुर्ग में स्कूल शिक्षा में लापरवाही उजागर: निरीक्षण में 12 से अधिक शिक्षक गायब, दो स्कूलों में ताले लटके मिले
Share this
दुर्ग। जिले में अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी के बीच शिक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। डीईओ द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई स्कूलों में अनुशासनहीनता, शिक्षक अनुपस्थिति और अव्यवस्था देखने को मिली। दो स्कूलों में जहां शिक्षक पढ़ाने के बजाय गप्पे मारते मिले, वहीं कुछ विद्यालयों में सुबह स्कूल खुलने के समय तक ताले लटके पाए गए। कई शिक्षकों और प्राचार्यों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।
पौहा स्कूल में गंभीर शिकायतें
पटना विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पौहा में शिक्षक दुष्यंत चंद्राकर निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले।
शाला विकास समिति ने शिकायत की कि वे लगातार अनुपस्थित रहते हैं, हठधर्मिता करते हैं और अध्यापन कार्य में रुचि नहीं लेते।
इस मामले में संयुक्त संचालक शिक्षा को कार्रवाई प्रस्ताव भेजा गया है।
बेल्हारी स्कूल में लटका मिला ताला
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेल्हारी में निरीक्षण के समय शिक्षक अनीता शर्मा और श्रद्धा शर्मा अनुपस्थित पाई गईं।
साथ ही प्राथमिक स्कूल के शिक्षक कमलेश कुमार और चालेश कुमार सुबह 10:15 बजे तक नहीं पहुंचे थे।
गेट में ताला लगा था और छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में भटकते दिखाई दिए।
पुलगांव स्कूल में खराब मध्याह्न भोजन
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पुलगांव में मध्यान्ह भोजन गुणवत्ताहीन पाया गया और मेन्यू के अनुरूप भी नहीं था।
प्रधान पाठक को नोटिस जारी कर कठोर निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण दल नहीं बना—बीईओ पर कार्रवाई
उच्चाधिकारियों द्वारा विकासखंड स्तर पर निरीक्षण दल गठित करने के निर्देश दिए गए थे,
लेकिन उसके बावजूद भी अव्यवस्था मिली।
इस पर बीईओ को नोटिस जारी किया गया है।
दो स्कूलों में शिक्षक गप्पे मारते मिले
शासकीय हाईस्कूल बोरई और हाईस्कूल निपानी पाटन में शिक्षक अध्यापन छोड़कर आपस में गप्पे मारते पाए गए।
इन स्कलों के प्राचार्य और सभी शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है।
असोगा स्कूल—हाजिरी रजिस्टर में हेरफेर
पूर्व माध्यमिक शाला असोगा में शिक्षिका अनिता ठाकुर और ब्रह्माणी झा अवकाश पर थीं,
लेकिन उनके आवेदन को प्रधान पाठक ने हाजिरी रजिस्टर में दर्ज नहीं किया था और दबाकर रखा था।
सूत्रों के अनुसार, प्रधान पाठक दूसरे दिन हस्ताक्षर चढ़ाते हैं।
उन पर नोटिस जारी किया गया है।
प्राथमिक शाला असोगा में भी कीर्ति खेर और प्रतिमा रानी नाग के आधे दिन के अवकाश आवेदन दर्ज नहीं किए गए थे।
इस पर संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
अन्य स्कूलों में भी शिक्षक अनुपस्थित
प्राथमिक शाला अकतई: मनोज कुमार पाटिल, हितेश पटेल अनुपस्थित
ओदरागहन हाईस्कूल: ममता राजपूत, भूपेंद्र देवांगन अनुपस्थित
उच्चतर माध्यमिक शाला रानी तराई: चेतनलाल साहू अनुपस्थित
इन सभी मामलों में कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
