निर्वाचन कार्य में लापरवाही: बलरामपुर में सहायक शिक्षक निलंबित

Share this

बलरामपुर-रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में एक सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई विशेष गणना पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों में उदासीनता के कारण की है।

जानकारी के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला फतेहपुर में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) अशोक कुमार यादव को मतदान केंद्र क्रमांक 237 फतेहपुर में गणना पत्रक के वितरण और संग्रहण हेतु अविहित अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

प्राप्त प्रतिवेदन में पाया गया कि शिक्षक ने निर्वाचन कार्य में रुचि नहीं ली, बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित रहे, और निर्धारित दायित्वों का निर्वहन नहीं किया। इसके परिणामस्वरूप जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

ई-संवर्ग के व्याख्याताओं और प्रधानपाठकों की ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग जारी:-

स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार व्याख्याता, व्याख्याता (एलबी) एवं प्रधानपाठक (माध्यमिक शाला) ई-संवर्ग के लिए ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग 21 से 24 नवंबर 2025 तक शासकीय शिक्षा शिक्षक महाविद्यालय, शंकर नगर रायपुर में आयोजित की जा रही है।

संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय ने बताया कि काउंसिलिंग के तीसरे दिन

  • प्रथम पाली में 150 में से 144 अभ्यर्थी उपस्थित,
  • द्वितीय पाली में 155 में से 148 उपस्थित,
  • अब तक कुल 904 में से 860 अभ्यर्थी शामिल,
  • जबकि 44 अनुपस्थित रहे।

आज काउंसिलिंग में 49 अभ्यर्थियों ने स्थान चयन से इंकार किया, जबकि 811 अभ्यर्थियों ने स्वेच्छा से अपनी पसंद के पदों का चयन किया। काउंसिलिंग प्रक्रिया में कुल 95.13% उपस्थिति दर्ज की गई।

ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग में सम्मिलित सभी अभ्यर्थियों को मनचाही शालाओं में पदस्थापना हेतु सहमति पत्र प्रदान किए गए।

Share this

You may have missed