बीजापुर में नक्सली तांडव: यूपी के ठेकेदार का अपहरण कर की गई हत्या — क्षेत्र में दहशत

Share this

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी खूंखार मौजूदगी का एहसास करवाते हुए उत्तर प्रदेश के एक ठेकेदार की निर्मम हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का नक्सली लगातार विरोध कर रहे थे। इसके बावजूद काम जारी रहने से माओवादियों ने पहले जेसीबी मशीन के मुंशी का अपहरण किया, और बाद में उसे छुड़ाने पहुंचे ठेकेदार इम्तियाज अली को भी अगवा कर रास्ते में ही गला रेतकर हत्या कर दी।

हादसा पामेड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। मृतक ठेकेदार की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी इम्तियाज अली के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई क्षेत्र में रहकर ठेकेदारी का काम कर रहे थे। वे रासपल्ली से पीनाचंदा के बीच 18 किमी सड़क निर्माण का कार्य संभाल रहे थे।

नक्सलियों द्वारा मुंशी का अपहरण किए जाने की जानकारी मिलते ही इम्तियाज अली उसे छुड़ाने निकले थे, लेकिन रास्ते में ही माओवादियों ने उन्हें पकड़कर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद नक्सलियों ने मुंशी को रिहा कर दिया, जिसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पामेड़ पुलिस सक्रिय हो गए। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि मुंशी के बयान के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल की संभावित लोकेशन चिन्हित कर ली है और इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय मजदूर भी भयभीत बताए जा रहे हैं।

Share this

You may have missed