नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया–राहुल को क्लीन चिट, कांग्रेस ने जांजगीर में BJP कार्यालय का किया घेराव

Share this

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर नेशनल हेराल्ड मामले में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी एवं नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी को माननीय न्यायालय, नई दिल्ली द्वारा क्लीन चिट दिए जाने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला युवा कांग्रेस जांजगीर-चांपा के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान खोखसा फाटक स्थित भारतीय जनता पार्टी के जांजगीर कार्यालय का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध और दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा द्वारा पिछले 11 वर्षों से कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन न्यायालय के फैसले ने सत्य और न्याय की जीत साबित कर दी है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भाजपा की नकारात्मक राजनीति पर करारा तमाचा है।

जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि न्यायालय के निर्णय से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस नेतृत्व पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और राजनीति से प्रेरित थे। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने झूठे आरोपों के जरिए कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की साजिश रची थी, जिसे न्यायालय ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। यह फैसला सत्य की विजय और भाजपा की राजनीति की हार है।

कार्यक्रम का संचालन रफीक सिद्दीकी एवं शिशिर द्विवेदी ने किया।

घेराव कार्यक्रम में पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रमेश पैगवार, प्रदेश सचिव टिंकू मेमन, गिरधारी यादव, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला, सेवादल जिलाध्यक्ष देव पाण्डेय, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा शर्मा, पिछड़ा वर्ग विभाग जिलाध्यक्ष लोकेश राठौर सहित ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि न्यायालय के इस फैसले से भाजपा की राजनीति पूरी तरह बेनकाब हो गई है और कांग्रेस पार्टी सत्य, न्याय और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

 

Share this

You may have missed