National Award News: प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित होंगी 14 वर्षीय जूडो खिलाड़ी

Share this

रायपुर। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार की घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले की 14 वर्षीय जूडो खिलाड़ी योगिता मंडावी का चयन किया गया है। खास बात यह है कि इस वर्ष प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार की सूची में छत्तीसगढ़ से योगिता मंडावी अकेली प्रतिभागी हैं।

कम उम्र में ही अनाथ हो चुकी योगिता मंडावी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह राष्ट्रीय स्तर की खेलो इंडिया खिलाड़ी हैं और अब भारतीय जूडो की सबसे प्रेरणादायक युवा प्रतिभाओं में गिनी जा रही हैं।

योगिता ने अब तक कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अस्मिता खेलो इंडिया महिला जूडो लीग 2025 में सब-जूनियर 44 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, वहीं राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स 2024-25 में अंडर-19 गर्ल्स वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शीर्ष स्थान प्राप्त किए हैं।

एसजीएफआई नेशनल, खेलो इंडिया लीग जैसी प्रमुख राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद योगिता मंडावी ने देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खेल के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान और उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

Share this

You may have missed