बिलासपुर में दरिंदगी के खिलाफ मुस्लिम समाज का हल्लाबोल: कलेक्टोरेट का घेराव कर की फांसी की मांग, फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की अपील…NV News

Share this

बिलासपुर जिले में मानसिक रूप से अक्षम नाबालिग बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध के विरोध में आज मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम कार्यालय से लेकर कलेक्टोरेट तक विशाल रैली निकाली और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ हुई यह हैवानियत पूरी इंसानियत पर हमला है और ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर ले रखे थे, जिन पर आरोपियों को फांसी देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के नारे लिखे थे। कलेक्टोरेट पहुँचकर मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मुख्य रूप से मांग की गई है कि इस संवेदनशील मामले की सुनवाई ‘फास्ट-ट्रैक कोर्ट’ में की जाए, ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके और दोषियों को उनके किए की कड़ी सजा मिले।

मुस्लिम समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में पुलिसिया जांच में ढिलाई बरती गई या न्याय मिलने में देरी हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने मांग की है कि ऐसे जघन्य मामलों में आरोपियों को किसी भी कीमत पर जमानत न मिले और समाज में एक ऐसा उदाहरण पेश किया जाए जिससे भविष्य में कोई भी ऐसी हिमाकत न कर सके। इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन पर भारी दबाव बना दिया है, वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कठोरतम धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

Share this

You may have missed