Murder News: सड़क निर्माण स्थल पर भाजपा नेता की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से हमला कर आरोपी फरार
Share this
कोरबा। कोरबा जिले में सोमवार सुबह भाजपा नेता अक्षय गर्ग की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिला निवासी अक्षय गर्ग कटघोरा के कारखाना मोहल्ला में रहते थे। वे भाजपा के सक्रिय नेता होने के साथ-साथ जनपद सदस्य और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। इसके अलावा वे ठेकेदारी का कार्य भी करते थे। ग्राम केशलपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण का ठेका उन्हें मिला था।
सोमवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अक्षय गर्ग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने अपनी साइट पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक काले रंग की कार में सवार तीन हमलावर मौके पर पहुंचे और धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ, सिर, गर्दन, पेट, पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
हमले के बाद आरोपी कार से मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने अक्षय गर्ग को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अक्षय गर्ग के परिजन, समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। वहीं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी मौके के लिए रवाना हुए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि अक्षय गर्ग कटघोरा क्षेत्र में एक लोकप्रिय नेता थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश है या फिर ठेकेदारी से जुड़ी किसी व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता का मामला। पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
