नगर निगम का ‘हंटर’: बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की वारंट जारी, गोयल एनर्जी समेत कई दिग्गजों को थमाया नोटिस…NV News

Share this

रायपुर। राजधानी में नगर पालिक निगम ने संपत्तिकर की वसूली के लिए अब सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त विश्वदीप के कड़े रुख के बाद जोन 8 की कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल ने वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 के बड़े बकायेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निगम ने 5 लाख से अधिक की राशि जमा नहीं करने पर बकायेदार प्रीतम सिंह के खिलाफ सीलबंदी के बाद कुर्की वारंट जारी कर दिया है। इसके साथ ही कई अन्य रसूखदारों को भी भारी-भरकम बकाया राशि अदा करने के लिए अंतिम चेतावनी के तौर पर डिमांड नोटिस थमाए गए हैं।

निगम की इस कार्रवाई की जद में गोयल एनर्जी एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड के संचालक दीपक अग्रवाल और रितेश अग्रवाल भी आए हैं। इन पर निगम का 18,28,599 रुपये का संपत्तिकर बकाया है, जिसे जमा करने के लिए जोन कमिश्नर ने धारा 175 के तहत डिमांड नोटिस जारी किया है। इसके अलावा श्री हरवंश सिंह, सुरजीत कौर, रंजीत कौर और कृपाल सिंह जैसे बड़े बकायेदारों, जिन पर 4,52,317 रुपये का कर लंबित है, उनके खिलाफ भी राजस्व वसूली हेतु कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

राजस्व विभाग की टीम ने स्पष्ट किया है कि टाटीबंध चौक और रिंग रोड नंबर 2 जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल ने बताया कि प्रीतम सिंह द्वारा 5,29,434 रुपये की बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार कुर्की वारंट की तामीली की कार्यवाही प्रारंभ की गई है। निगम के इस कड़े एक्शन से शहर के अन्य बड़े बकायेदारों और कर चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

गौरतलब है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार संपत्तिकर दाताओं को 30 अप्रैल तक बिना अधिभार (पेनल्टी) कर भुगतान करने की विशेष छूट दी गई है। निगम प्रशासन शहर के सभी 10 जोनों में मुनादी करवाकर लोगों को इस छूट का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है। अपर आयुक्त राजस्व श्रीमती कृष्णा खटीक ने चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा के भीतर कर का भुगतान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में कुर्की और जब्ती की कार्रवाई और भी तेज की जाएगी।

Share this

You may have missed