जोन 9 में गंदगी फैलाने वाले 29 फेरी वालों पर निगम का शिकंजा, वसूला ₹4800 का जुर्माना…NV News

Share this

NV News- राजधानी रायपुर के नगर निगम जोन 9 में स्वच्छता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निगम प्रशासन को लगातार स्वच्छता से संबंधित जनशिकायतें मिल रही थीं, जिनका तत्काल संज्ञान लेते हुए जोन अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 7, 11, 32 और 51 में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि कई फेरी वाले और गुमटी संचालक कचरा सफाई वाहन में नहीं दे रहे थे, डस्टबिन का उपयोग नहीं कर रहे थे और खुले में गंदगी फैला रहे थे। इन शिकायतों के सही पाए जाने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की।

यह विशेष स्वच्छता अभियान नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के कड़े निर्देशों और जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में चलाया गया। निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी बारोन बंजारे, उमेश नामदेव और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी की मौजूदगी में स्वच्छता दीदियों के साथ मिलकर सघन चेकिंग की गई। निगम की टीम ने उन क्षेत्रों को चिन्हित किया जहाँ बार-बार सफाई के नियमों का उल्लंघन हो रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

औचक निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 29 फेरी वालों पर कुल 4800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, सभी दुकानदारों और फेरी वालों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग रखने की सख्त चेतावनी दी गई। निगम के इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के प्रति एक कड़ा संदेश गया है। स्थानीय निवासियों ने निगम की इस पहल का स्वागत किया है, जिससे अब इन क्षेत्रों में गंदगी की समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

Share this

You may have missed