Raipur Municipal Corporation: लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट; रायपुर निगम जोन 7 की बैठक में कमिश्नर तृप्ति पाणीग्रही का बड़ा फैसला…NV News
Share this
NV News रायपुर, 18 जुलाई 2026। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन 7 कार्यालय में बुनियादी जनसुविधाओं, मानसून जनित समस्याओं और राजस्व वृद्धि को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जोन कमिश्नर तृप्ति पाणीग्रही की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जोन 7 की अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, डीपक जायसवाल, पार्षद आनंद अग्रवाल, मीना ठाकुर, रोनिता प्रकाश जगत, दीप मनीराम साहू और कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विकास कार्यों की कछुआ चाल पर पार्षदों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जोन कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों को विकास कार्यों के लिए कार्यादेश (Work Order) जारी किया जा चुका है, उसके बावजूद यदि वे काम शुरू नहीं कर रहे हैं या ढिलाई बरत रहे हैं, तो उन्हें तत्काल नियमानुसार नगर निगम की काली सूची (Blacklist) में डाल दिया जाए।
शनिवार को चलेगा सफाई का ‘महाअभियान’; स्वास्थ्य शिविरों पर जोर
आगामी दिनों में मानसून और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए बैठक में कई बड़े नीतिगत निर्णय लिए गए:
35 सफाई कामगारों का विशेष दस्ता: जोन के सभी वार्डों को चमकाने के लिए पार्षदों की सहमति से एक नया फॉर्मूला तैयार किया गया है। अब प्रत्येक शनिवार को जोन के हर वार्ड से 5-5 सफाई कर्मी (कुल 35 सफाई कामगार) मिलकर एक विशेष ‘क्लीनिंग गैंग’ बनाएंगे। यह दस्ता हर शनिवार को जोन के किसी एक चयनित वार्ड में जाकर सघन सफाई अभियान चलाएगा।
जलभराव और मौसमी बीमारियां: बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए वार्डों में नागरिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) भेजकर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
प्लास्टिक बैन पर सख्ती: जोन 7 के अंतर्गत आने वाले सभी व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह और नियमानुसार कड़ाई से प्रतिबंध लागू किया जाएगा।
राजस्व बढ़ाने के लिए वेंडिंग जोन और विज्ञापनों का सहारा
नगर निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और राजस्व वृद्धि के लिए भी बैठक में रणनीतिक चर्चा हुई:
आय बढ़ाने के मुख्य बिंदु:
सीएसआर मद से वेंडिंग जोन: जोन 7 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्ट्रीट वेंडर्स का जल्द ही एक नया सर्वे कराया जाएगा। क्षेत्र के आमानाका वेंडिंग जोन को किसी बड़ी विज्ञापन एजेंसी के माध्यम से और एक अन्य वेंडिंग जोन को सीएसआर (CSR) मद के जरिए सर्वसुविधायुक्त तरीके से विकसित किया जाएगा।
विज्ञापन बोर्ड के लिए नए स्पॉट: सर्वे में चिह्नित किए गए नए स्थानों पर होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्ड लगाने पर सहमति बनी है, जिससे निगम को हर महीने निश्चित आय होगी।
कड़ा जुर्माना वसूलने के निर्देश: शहर की सड़कों को साफ रखने और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सीएंडडी वेस्ट (मलबे), ग्रीन नेट न लगाने वालों, सड़क बाधा उत्पन्न करने वालों और गंदगी फैलाने वालों पर ऑन-स्पॉट तगड़ा जुर्माना लगाने की नियमावली तैयार की गई है।

