नगर निगम की पहल: जोन 1 में खमतराई और भनपुरी में खुले दो शीतल प्याऊघर, जल्द 3 अन्य स्थानों पर मिलेगी सुविधा…NV News

Share this

NV News- रायपुर नगर निगम ने भीषण गर्मी को देखते हुए जनहित में एक सराहनीय पहल शुरू की है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, निगम प्रशासन ने जोन 1 क्षेत्र में आमजनों और राहगीरों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की है। नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशों का पालन करते हुए, ‘स्काउट एंड गाइड’ के सक्रिय सहयोग से खमतराई स्कूल के पास और भनपुरी बाजार में दो सार्वजनिक प्याऊघर खोल दिए गए हैं। इससे इन व्यस्त इलाकों से गुजरने वाले नागरिकों को चिलचिलाती धूप में बड़ी राहत मिल रही है।

इस सुविधा के विस्तार को लेकर निगम प्रशासन ने आगे की रूपरेखा भी तैयार कर ली है। जोन 1 क्षेत्र में आने वाले तीन अन्य महत्वपूर्ण स्थानों – नगर निगम जोन 1 कार्यालय स्थित पानी टंकी परिसर, खमतराई चावड़ी और विजय पाण्डेय द्वार (भनपुरी) के समीप भी जल्द ही नए प्याऊघर खोलने की तैयारी की जा रही है। इन केंद्रों के संचालन के लिए स्थानीय सामाजिक संगठनों को साथ जोड़ा जा रहा है, ताकि आने वाले दिनों में और अधिक लोगों को शुद्ध और शीतल जल आसानी से मिल सके।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य गर्मी के मौसम में राहगीरों की समस्याओं को कम करना है। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की सराहना स्थानीय लोग भी कर रहे हैं। गौरतलब है कि आयुक्त श्री विश्वदीप के नेतृत्व में निगम की टीमें लगातार इस दिशा में कार्य कर रही हैं कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जनसुविधाएं निर्बाध रूप से चलें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इन सुविधाओं का लाभ उठाएं और गर्मी से बचाव के लिए निरंतर सतर्क रहें।

Share this