Mungeli Suicide Case: हिंदू संगठन से जुड़े युवक की आत्महत्या, सुसाइड वीडियो में पुलिस और आरोपी पर गंभीर आरोप
Share this
बिलासपुर/मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हिंदू संगठन से जुड़े 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने बिलासपुर पुलिस पर झूठा बयान लेने और एक युवक द्वारा प्रताड़ित किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और हिंदू संगठनों ने बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर दिया।
मृतक की पहचान नरेश साहू (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुंगेली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का निवासी था और वर्तमान में बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगराजपारा में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। नरेश हिंदू संगठन से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था।
पुतला दहन के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि 28 दिसंबर 2025 को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में हिंदू संगठनों द्वारा बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड के पास प्रदर्शन कर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया था। इस प्रदर्शन में नरेश साहू भी शामिल था और उसने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था।
इसके अगले दिन नरेश ने सिटी कोतवाली बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि सोहेल खान नामक युवक ने उसे शनिचरी रपटा के पास रोककर मारपीट की, धार्मिक संगठन से जुड़े होने पर गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने चाकू भी निकाल लिया, जिससे डरकर नरेश अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग गया।
पुलिस जांच और बयान को लेकर विवाद
शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी दौरान आरोपी पक्ष की ओर से पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपा गया, जिसमें दावा किया गया कि आरोपी घटना के समय किसी अन्य स्थान पर मौजूद था। पुलिस ने प्रार्थी नरेश साहू को बयान के लिए थाने बुलाया, जहां 161 के तहत उसका कथन दर्ज किया गया। पुलिस 164 के बयान की तैयारी कर रही थी।
सुसाइड वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
इसी बीच शुक्रवार को नरेश साहू ने मुंगेली स्थित अपने पैतृक घर में साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मौके से मिले मोबाइल फोन में एक वीडियो मिला, जिसमें नरेश ने कहा कि वह सोहेल खान, उसके साथी और बिलासपुर कोतवाली पुलिस द्वारा झूठा बयान लिए जाने से परेशान है। उसने वीडियो में ठाकुर राम सिंह और छत्रपाल से न्याय दिलाने की अपील भी की।
वीडियो के वायरल होते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता उग्र हो गए और बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर नारेबाजी की।
विरोध के बाद आरोपी गिरफ्तार
हिंदू संगठनों के दबाव और थाने के घेराव के कुछ ही घंटों के भीतर बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोहेल खान को मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आत्महत्या के मामले में मुंगेली कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कौन हैं ठाकुर राम सिंह
सुसाइड वीडियो में जिन ठाकुर राम सिंह का जिक्र किया गया है, वे हिंदूवादी संगठनों से जुड़े नेता हैं और धर्मांतरण के खिलाफ सक्रिय रूप से आंदोलन करते रहे हैं। पूर्व में उन पर एक अन्य मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद वे कुछ समय जेल में भी रह चुके हैं।
