Mungeli: कर्तव्य पालन के दौरान सड़क हादसे में थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा का निधन

Share this

NV news मुंगेली-:  कर्तव्य पालन के दौरान सड़क हादसे में जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा का निधन
मुंगेली जिले से पुलिस विभाग के लिए एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा का शासकीय कर्तव्य के दौरान सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार वे एक गुमशुदा व्यक्ति की पता-साजी के सिलसिले में राजस्थान गए हुए थे। इसी दौरान वहां हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी जान चली गई।

इस घटना से उनके परिवार, पुलिस विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
नंदलाल पैकरा को एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और संवेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपने सेवा काल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने का कार्य किया।

वे हमेशा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का मार्गदर्शन करने और जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार के लिए पहचाने जाते थे।
उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है। साथी अधिकारी और कर्मचारी उन्हें एक अनुशासित एवं जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता के रूप में याद कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
पूरा मुंगेली जिला इस दुखद घटना से स्तब्ध है और दिवंगत अधिकारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है

Share this

You may have missed