SIR कार्य के दौरान बीएलओ से दुर्व्यवहार मामला: सरपंच पति ने SDM कार्यालय में मांगी माफी, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

Share this

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में SIR कार्य के दौरान बीएलओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ हुए दुर्व्यवहार के प्रकरण में सरपंच पति द्वारा एसडीएम कार्यालय में पहुंचकर माफी मांगने का मामला सामने आया है। यह घटना 29 नवंबर 2025 को ग्राम पंचायत बिछियाटोला में आयोजित ग्राम सभा के दौरान हुई थी।

ग्राम सभा में बाल विवाह मुक्त शपथ कार्यक्रम को लेकर बीएलओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुष्मिता तिवारी सरपंच सोनकुंवर से चर्चा कर रही थीं। इसी दौरान सरपंच पति दीप नारायण ने बीच में दखल देते हुए न केवल सभा की प्रक्रिया में बाधा डाली बल्कि अभद्र व्यवहार कर सभा की गरिमा को ठेस पहुंचाई।

इससे पहले भी SIR पंचनामा कार्य के दौरान सरपंच पति द्वारा हस्तक्षेप करने और सरपंच को हस्ताक्षर करने से रोकने की शिकायत सामने आ चुकी है। मामले पर संज्ञान लेते हुए केल्हारी तहसीलदार सतरूपा साहू ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि SIR प्रक्रिया में सरपंच के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं और कोई भी व्यक्ति शासकीय कार्य में बाधा नहीं डाल सकता।

ताजा घटना के बाद सरपंच पति दीप नारायण ने अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय, केल्हारी पहुंचकर एसडीएम इंदिरा मिश्रा के समक्ष अपने व्यवहार के लिए मौखिक एवं लिखित माफी प्रस्तुत की।

एसडीएम इंदिरा मिश्रा ने माफी स्वीकार करते हुए सख्त चेतावनी दी कि शासकीय कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, बाधा या दबाव डालना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोबारा होती है, तो तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed