रायपुर में ‘टीम प्रहरी’ का मेगा एक्शन: जयस्तम्भ से मौदहापारा तक सड़कें अतिक्रमण मुक्त, 12 ट्रक सामान जब्त, 80 हजार जुर्माना…NV News
Share this
रायपुर। राजधानी की सड़कों को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए ‘टीम प्रहरी’ ने आज शहर के सबसे व्यस्ततम व्यापारिक इलाकों में बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जयस्तम्भ चौक से लेकर मौदहापारा, पिथालिया काम्प्लेक्स और एमजी रोड तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
सड़कों पर कब्जा करने वालों पर चला डंडा
अभियान के दौरान अधिकारियों ने पाया कि व्यापारियों ने सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के तहत 120 से अधिक दुकानों के बाहर सड़क घेरे हुए लगभग 12 ट्रक सामान को कड़ाई के साथ जब्त कर लिया गया। साथ ही, सड़क पर बाधा डाल रहे 8 कंडम वाहनों को भी यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से जब्त किया।
मौके पर ही वसूला भारी जुर्माना
नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 40 से अधिक दुकानदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए 80,000 रुपये से अधिक का ई-जुर्माना वसूला गया। नगर निगम अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा और एएसपी यातायात विवेक शुक्ला के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद सड़क पर सामान फैलाने वालों के खिलाफ अब इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात हुआ सुगम, नागरिकों ने ली राहत
टीम प्रहरी के इस एक्शन के बाद एमजी रोड और मौदहापारा जैसे संकरे मार्ग अचानक चौड़े नजर आने लगे। मार्ग सुगम होने से आम नागरिकों को घंटों लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिली है। जोन 2 कमिश्नर संतोष पाण्डेय और नगर निवेशक अभाष मिश्रा ने बताया कि शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में भी ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत इसी तरह की नियमित कार्यवाही की जाएगी ताकि शहर की सुंदरता और व्यवस्था बनी रहे।
