जलभराव से मुक्ति की तैयारी: महापौर मीनल चौबे ने नाला निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी, ठेकेदारों को दी ‘ब्लैकलिस्ट’ करने की चेतावनी!…NV News
Share this
NV News- रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए शहर के विभिन्न वार्डों का सघन दौरा किया। जोन 5 के कुशालपुर (पंडित वामनराव लाखे वार्ड) और जोन 6 के प्रोफेसर कॉलोनी (महामाया मंदिर वार्ड) में अधोसंरचना मद से बन रहे नए नालों की सुस्त प्रगति देख महापौर बिफर गईं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को इस वर्ष जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्यस्थल पर ही प्रगति की समीक्षा की और काम की धीमी रफ्तार पर ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि समय सीमा के भीतर नालों का निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने के साथ ही कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। महापौर ने भैय्या तालाब के समीप बन रहे नाले का भी अवलोकन किया और गंदे पानी की सुगम निकासी के लिए तकनीकी बारीकियों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विकास कार्यों के साथ-साथ महापौर ने वार्डों की सफाई व्यवस्था का भी प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। कुशालपुर क्षेत्र में मिली गंदगी और अव्यवस्था पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जोन स्वास्थ्य अधिकारी को फटकार लगाई और तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद कृष्णा सोनकर, जयश्री नायक सहित निगम के वरिष्ठ अभियंता और जोन कमिश्नर उपस्थित रहे। महापौर ने साफ किया कि नाला निर्माण और जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

