खेत की खरही में भीषण आग: किसानों को लाखों का नुकसान, गांव के व्यक्ति पर आगजनी का शक
Share this
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई है। खेतों में रखी लगभग 1 एकड़ 75 डिसमिल धान की खरही में देर रात अचानक आग लग गई, जिससे किसान गोपाल कश्यप और उनके भाई बहादुर कश्यप को लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
किसानों ने आरोप लगाया है कि यह आग कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि गांव के ही किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर लगाई गई है। घटना के बाद दोनों किसानों ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव वालों ने दी आग की सूचना
किसान गोपाल कश्यप के अनुसार, उन्होंने अपनी 1 एकड़ 25 डिसमिल और भाई बहादुर कश्यप की 50 डिसमिल धान की कटाई कर खरही बनाकर खेत में रखी थी।
3 दिसंबर की रात करीब 10 बजे, जब दोनों भाई दूसरे खेत में धान की मिसाई कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि उनकी धान की खरही में भीषण आग लग गई है।
मौके पर पहुंचे किसान, बुझाने में नाकाम
सूचना मिलते ही दोनों भाई गांव वालों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि पूरी खरही जलकर राख हो गई।
गोपाल कश्यप का कहना है कि गांव का ही एक व्यक्ति आग लगाकर मौके से फरार हुआ है। इस आगजनी से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

