16 साल का अटूट भरोसा चकनाचूर: रायपुर के नामी शोरूम से कर्मचारी ने उड़ाए 2 करोड़ के गहने…NV News

Share this

NV News- Raipur छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित प्रतिष्ठित ‘मनोहरलाल एंड कंपनी ज्वेलर्स’ में करोड़ों रुपये के सोने के गहनों के गबन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शोरूम के संचालक सुरेश बंसाली की शिकायत पर पुलिस ने दुकान के ही एक पुराने कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस बड़ी चोरी के खुलासे के बाद से रायपुर के पूरे व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है।

आरोपी कर्मचारी का नाम सूरज साहू बताया जा रहा है, जो पिछले 16 वर्षों से इसी शोरूम में पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहा था। इतने लंबे समय की सेवा के कारण वह शोरूम संचालक का बेहद भरोसेमंद आदमी बन चुका था। इसी अटूट विश्वास के चलते उसे रोजाना कारोबार खत्म होने के बाद डिस्प्ले में सजे कीमती गहनों को सुरक्षित लॉकर में समेटकर रखने की मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

सुरेश बंसाली ने अपनी पुलिस शिकायत में बताया कि आरोपी ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर धीरे-धीरे दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। जिस कर्मचारी पर आंख मूंदकर भरोसा किया गया, उसने एक पल में 16 साल का रिश्ता तोड़कर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Share this