बीजापुर में नक्सलियों का बड़ा सरेंडर: 30 से अधिक नक्सली संगठन छोड़ने को तैयार, लाल आतंक को लगा बड़ा झटका
Share this
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता सामने आई है। जिले में नक्सली संगठन को लगातार झटके लग रहे हैं और अब 30 से अधिक नक्सली संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की तैयारी में हैं। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी नक्सली बहुत जल्द सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करेंगे।
बतया जा रहा है कि बीजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें ये नक्सली औपचारिक रूप से सरेंडर करेंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत बेहतर जीवन की शुरुआत में मदद प्रदान की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में नक्सली हिंसा से मोहभंग तेजी से बढ़ा है। जंगलों में लगातार सुरक्षा बलों की मौजूदगी, विकास कार्यों की गति और सरकारी योजनाओं के प्रभाव से बड़ी संख्या में नक्सली हथियार छोड़ रहे हैं। बीजापुर में होने वाला यह सामूहिक आत्मसमर्पण भी इसी प्रक्रिया का एक हिस्सा है।
पुलिस का दावा है कि सरेंडर करने वाले नक्सली अब समाज की मुख्यधारा से जुड़कर शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ सकेंगे। इस कदम को सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो आने वाले समय में क्षेत्र में शांति स्थापित करने में मददगार साबित होगा।
