बलरामपुर में बड़ा सड़क हादसा: पिकनिक से लौट रहे 5 छात्र घायल, तीन की हालत गंभीर

Share this

बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खैराडीह गांव के पास रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जोरदार टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

5 छात्र घायल, तीन की हालत नाजुक

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो में कुल 8 छात्र सवार थे। हादसे के बाद 5 छात्र घायल हुए हैं, जिनमें तीन की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल छात्रों को बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

 

पिकनिक से लौटते समय हुआ हादसा

 

जानकारी में सामने आया है कि सभी छात्र पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। लौटते समय बोलेरो की रफ्तार अधिक होने और अचानक नियंत्रण बिगड़ने के कारण वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया।

 

रघुनाथपुर प्राइवेट हॉस्टल के स्टूडेंट

 

हादसे में घायल हुए सभी छात्र रघुनाथपुर क्षेत्र के एक निजी हॉस्टल में रहते थे और सभी कक्षा 12वीं के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और 112 डायल को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने सभी छात्रों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

 

पुलिस जांच जारी

 

शंकरगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।

Share this

You may have missed