अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, जनप्रतिनिधियों के अल्टीमेटम के बाद 9 आरोपी गिरफ्तार…NV News

Share this

NV News- मुंगेली: जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और कोचियागिरी के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। जनप्रतिनिधियों की चेतावनी और ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद, पुलिस ने रविवार रात अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 9 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जरहागांव और आसपास के इलाकों में अवैध शराब की बिक्री की सूचना लंबे समय से मिल रही थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर पुलिस प्रशासन को सख्त चेतावनी दी थी, जिसके बाद मुंगेली पुलिस एक्शन मोड में आई। मुखबिरों की सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने कई संदिग्ध अड्डों पर एक साथ छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है।

गिरफ्तार किए गए सभी 9 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध नशाखोरी को खत्म करने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share this

You may have missed