मानव तस्करी का बड़ा खुलासा: हावड़ा–मुंबई एक्सप्रेस से 6 नाबालिग रेस्क्यू, आरोपी गिरफ्तार
Share this
रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देर रात रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, चाइल्ड हेल्पलाइन और बचपन बचाओ आंदोलन (BBA) की संयुक्त टीम ने मानव तस्करी का बड़ा खुलासा किया। टीम ने हावड़ा–मुंबई एक्सप्रेस के S-3 कोच से 6 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी बच्चों की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है और वे कोलकाता के रहने वाले हैं।
कैसे हुआ खुलासा?
संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हावड़ा से मुंबई की ओर नाबालिग बच्चों को अवैध रूप से ले जा रहा है। सूचना के आधार पर RPF, GRP, चाइल्ड हेल्पलाइन और BBA की टीम ने ट्रेन में दबिश दी। तलाशी के दौरान S-3 कोच से बच्चों को बरामद किया गया।
आरोपी फिरोज अली मंडल गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान टीम ने फिरोज अली मंडल नामक व्यक्ति को मौके पर ही गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह इन बच्चों को मुंबई के एक होटल में काम पर लगाने के उद्देश्य से ले जा रहा था।
GRP ने आरोपी पर मानव तस्करी से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेस्क्यू किए गए नाबालिगों को चाइल्ड हेल्पलाइन की देखरेख में सुरक्षित रखा गया है।
संयुक्त कार्रवाई में अधिकारियों की अहम भूमिका
इस ऑपरेशन में जीआरपी प्रभारी बी.एन. मिश्रा, आरपीएफ प्रभारी कर्मपाल सिंह गुर्जर, चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर विजय कुमार साहू, पंचराम धुर्वे, आशीष कुमार साकेत (BBA), RPF उप निरीक्षक ए.ज़ेड. चौधरी, सउनि अरविंद सिंह, और जीआरपी की प्रिया भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
