भुईयां पोर्टल में बड़ा फर्जीवाड़ा: पटवारी और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, सरकारी जमीन में की हेराफेरी
Share this
बलरामपुर-रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुलिस ने भुईयां पोर्टल से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। शासकीय और निजी भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर अपने परिवार के नाम अवैध रूप से जमीन दर्ज कराने वाले पटवारी और कंप्यूटर ऑपरेटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पटवारी अजेंद्र टोप्पो और कंप्यूटर ऑपरेटर वीरेंद्र गुप्ता शामिल हैं। आरोप है कि दोनों ने आपसी मिलीभगत से भुईयां पोर्टल में कूटरचना कर कुल 29.008 हेक्टेयर शासकीय एवं निजी भूमि के रिकॉर्ड में हेराफेरी की।
धान बिक्री के लिए कराया गया फर्जी नाम दर्ज
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हल्का पटवारी की आईडी का दुरुपयोग करते हुए अपने परिवार के सदस्यों के नाम फर्जी तरीके से राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराए। इसका उद्देश्य धान बिक्री कर अवैध लाभ कमाना था। इस फर्जीवाड़े के जरिए दोनों ने लाखों रुपये की अवैध कमाई की।
शिकायत मिलते ही तेज कार्रवाई
मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने चौकी डवरा में अपराध पंजीबद्ध किया। शिकायत के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
1. वीरेंद्र गुप्ता, पिता विजय गुप्ता, उम्र 28 वर्ष, निवासी कोटडीह, हाल मुकाम चौकी डवरा, थाना पस्ता
2. अजेंद्र टोप्पो, पिता जग साय टोप्पो, उम्र 46 वर्ष, निवासी जमुनिया, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छत्तीसगढ़)
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
