छत्तीसगढ़ में बड़ा एक्शन: आबकारी और DMF घोटाले पर ACB–EOW की 20 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ में आबकारी और डीएमएफ (DMF) घोटाले से जुड़े मामलों पर आज एसीबी (ACB) और ईओडब्ल्यू (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। सुबह से प्रदेश के लगभग 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी जारी है। यह कार्रवाई राजधानी रायपुर सहित जगदलपुर, कोंडागांव, अंबिकापुर और बिलासपुर क्षेत्रों में की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी की इस कार्रवाई में पूर्व आबकारी अधिकारी निरंजन दास और कारोबारी हरपाल अरोरा प्रमुख रूप से शामिल हैं। निरंजन दास के कई ठिकानों के अलावा उनके 6 रिश्तेदारों के रायपुर स्थित घरों पर भी दबिश दी गई है। वहीं DMF घोटाले में नामज़द कारोबारी हरपाल अरोरा के ठिकानों पर भी ईओडब्ल्यू की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
इसके साथ ही बिलासपुर के व्यापारी अशोक टुटेजा के घर और कार्यालयों में भी छापेमारी जारी है। अंबिकापुर में पशु विभाग के अधिकारी डॉ. तनवीर अहमद और कारोबारी अमित अग्रवाल के ठिकानों पर भी एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीमें जांच कर रही हैं।
फिलहाल, यह कार्रवाई अभी भी जारी है और अधिकारियों ने अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। छापेमारी में बरामद दस्तावेज़ों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की जांच जारी है, जो आगे की कार्रवाई में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
