चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कैलाश नगर में जुआ फड़ पर छापा, 7 जुआरी गिरफ्तार
Share this
चांपा। त्योहारों के मौसम में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के अभियान के तहत चांपा पुलिस ने सोमवार की रात बड़ी कार्रवाई की। थाना चांपा की टीम ने कैलाश नगर क्षेत्र में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर सात जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से ₹56,450 नकद रकम और ताश की गड्डी (52 पत्ते) बरामद की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
दिनेश राठौर (41), सूरज ठाकुर (29), विक्रम सिंह राजपूत (45), संदीप उर्फ संजू यादव (29), रवि यादव (31) और निखिल कर्ष (26), सभी निवासी चाम्पा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
त्योहारों के दौरान अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कैलाश नगर कॉलोनी के पीछे स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग नकद पैसों की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
ASP और SDOP के मार्गदर्शन में छापा
सूचना मिलते ही एएसपी उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर सभी जुआरियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि जब्त की गई नकदी और ताश की गड्डी को सबूत के रूप में सुरक्षित किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
त्योहारों में सख्त निगरानी जारी
चांपा पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान अवैध जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को ऐसे स्थलों पर विशेष गश्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
