अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: 17 वाहन जप्त, ₹5.86 लाख जुर्माना वसूला

Share this

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। जिला खनि अधिकारी अनिल साहू ने बताया कि पिछले तीन दिनों में खनिज विभाग और राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने बम्हनीडीह, खपरीडीह, पीथमपुर, अकलतरा, जांजगीर, शिवरीनारायण, केराकछार, पंतोरा और बलौदा क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन में लिप्त कुल 17 वाहनों को जप्त किया गया। जब्त वाहनों का क्षेत्रवार विवरण इस प्रकार है—

बम्हनीडीह क्षेत्र: 18 नवंबर को 01 ट्रैक्टर तथा 19 नवंबर को 03 ट्रैक्टर, थाना बम्हनीडीह में सुपुर्द

  • अकलतरा क्षेत्र: 01 हाइवा, थाना अकलतरा में सुपुर्द
  • चांपा क्षेत्र (हसदेव नदी): 05 ट्रैक्टर, थाना चांपा में रखा गया
  • बलौदा क्षेत्र: 05 ट्रैक्टर, थाना बलौदा में रखा गया
  • शिवरीनारायण क्षेत्र: 02 ट्रैक्टर, थाना शिवरीनारायण में रखा गया

इसके अलावा बम्हनीडीह क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के प्रकरण में खनिज विभाग द्वारा ₹5,86,000 की शास्ति राशि वसूल की गई है।

जिला खनि अधिकारी के अनुसार, सभी मामलों में अवैध उत्खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं व भंडारणकर्ताओं के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कलेक्टर के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी द्वारा संबंधित वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी वाहन से ऐसी गतिविधि की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ माननीय न्यायालय में परिवाद दायर कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने हेतु प्राप्त शिकायतों पर जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी है।

Share this

You may have missed