रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आए 7 यात्री, महिला व बच्चे की मौत

Share this

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मदन महल रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पटरियां पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक महिला और एक बच्चे की मौत हो चुकी है। अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

मिली जानकारी के अनुसार, सभी 7 यात्री जनशताब्दी एक्सप्रेस से जबलपुर पहुंचे थे। ट्रेन से उतरते ही वे प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पर उतर गए और दूसरी ओर जाने के लिए पटरियां पार करने लगे। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार मालगाड़ी आ गई। लोको पायलट ने यात्रियों को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक हादसा हो चुका था।

 

बताया जा रहा है कि मृतक और सभी घायल नरसिंहपुर जिले के निवासी हैं। मौके पर ही एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। शेष 5 घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

हादसे में जीआरपी और आरपीएफ की लापरवाही भी सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यात्रियों को पटरियां पार करते देखकर भी सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोई कोशिश नहीं की। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे से स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और प्लेटफॉर्म बदलने के लिए सुरक्षित मार्गों का उपयोग सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Share this

You may have missed