महिला शिक्षिका से लूट: बाइक सवार बदमाश लैपटॉप और मोबाइल लेकर फरार
Share this
रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े लूटपाट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश एक महिला शिक्षिका का बैग झपटकर फरार हो गए। बैग में एप्पल लैपटॉप, आईफोन 13, किताबें और स्कूल का आई कार्ड था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता प्रियंका भौमिक, जो डूमरतराई में रहती हैं और एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं, शनिवार सुबह स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। जब वह भाठागांव नलघर रोड के पास पहुंचीं, तभी बाइक में सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और स्कूटी के आगे रखा बैग झपटकर महादेव घाट की दिशा में फरार हो गए।
पीड़िता ने तुरंत पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की खोज शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और गिरफ्तारी भी जल्द होगी।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
